Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकदुःखद

उत्तरकाशी में सुरंग के भीतर मौत का साया: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की संदिग्ध मौत

देहरादून। जनपद के तांबाखानी सुरंग के भीतर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चुंगी बड़ेथी निवासी नवीन राणा बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अपनी बाइक से तांबाखानी सुरंग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सुरंग के भीतर अंधेरा, पानी और कीचड़ होने के बीच अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि देर रात तक डॉक्टरों की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। बताया जा रहा है कि अस्पताल में युवक को काफी देर तक सीपीआर दी जाती रही, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका।
इधर, तांबाखानी सुरंग में लगातार बनी रहने वाली अंधेरे, पानी और कीचड़ की समस्या को लेकर पहले भी दुर्घटनाओं की आशंका जताई जाती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरंग में रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। कोतवाली निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सुरंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button