राजधानी के हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में सनसनी: परेड ग्राउंड में गैस एजेंसी संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

देहरादून। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तिब्बती मार्केट–परेड ग्राउंड क्षेत्र में 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की बेहद नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई। सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और प्रेस क्लब से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात ने न सिर्फ शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पहले से दर्ज शिकायतों और सुरक्षा मांगों की अनदेखी को भी कटघरे में ला खड़ा किया है।
खेलकर लौट रहे थे, घात लगाकर आए हमलावर
जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक अर्जुन शर्मा बुधवार सुबह रोज की तरह परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे। खेल खत्म कर जब वे अपनी मैरून रंग की जीप में बैठने लगे, तभी स्कूटी सवार दो युवक अचानक वहां पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद करीब से फायरिंग की। गोली सीधे अर्जुन की छाती में लगी।
गोली की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल अर्जुन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भीड़भाड़ वाले इलाके से आसानी से फरार हो गए।
पहले से था जान का खतरा, शिकायतें थीं दर्ज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा लंबे समय से पारिवारिक और संपत्ति विवादों में उलझे हुए थे। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो चुकी थी कि उनकी मां ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर अपने ही बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार अर्जुन स्वयं भी कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायतें दे चुके थे। उन्हें मिल रही धमकियों की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद थी, लेकिन उन्हें कोई ठोस सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई।
कौन है विजय उनियाल
अर्जुन के साथ वर्षों से काम कर रहे विजय का दावा है कि उनका एक व्यक्ति विजय उनियाल के साथ लगभग 40 से 42 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर कई बार धमकियां मिल चुकी थीं, जिसकी शिकायत वसंत विहार थाने और एसएसपी कार्यालय में की गई थी।
जेल से आ रही थीं धमकी भरी कॉल
अर्जुन के करीबी दोस्त राजीव यादव ने खुलासा किया कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर उन्हें भी जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनके मुताबिक धमकी देने वाला व्यक्ति बिहार की बेऊर जेल से कॉल कर रहा था। इस संबंध में उन्होंने लिखित शिकायत दी, एफआईआर दर्ज कराई और कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी थी। राजीव का कहना है कि अर्जुन ने भी इसी तरह की धमकियों की जानकारी दी थी, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की गईं। संपत्ति विवाद का मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन था। लगातार तनाव के कारण अर्जुन मानसिक दबाव में थे।
घर से निकले, फिर कभी लौटे नहीं
घरेलू सहायिका रजनी नेगी के अनुसार अर्जुन सुबह करीब आठ बजे वसंत विहार स्थित किराए के मकान से कॉफी पीकर निकले थे। उनका मूल मकान टपकेश्वर क्षेत्र में निर्माणाधीन है। परिवार फिलहाल किराए के मकान में रह रहा था। अर्जुन अपने पीछे पत्नी अभिलाषा शर्मा और दो मासूम बच्चों—पांच साल का बेटा और तीन साल की बेटी—को छोड़ गए हैं। उनके पिता सेना में शहीद हुए थे, जिसके बाद भारत गैस एजेंसी उनकी मां वीना शर्मा के नाम आवंटित हुई थी। बाद में अर्जुन एजेंसी का संचालन संभाल रहे थे।घटना स्थल राजधानी का संवेदनशील इलाका माना जाता है। बावजूद इसके हमलावर खुलेआम फायरिंग कर फरार हो गए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। एसएसपी मौके पर पहुंचे हैं और जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही इन वारदातों ने आम नागरिकों और व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। सवाल यह है कि जब हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के बाकी हिस्सों की सुरक्षा का क्या हाल होगा?
पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन फिलहाल राजधानी में खौफ और गुस्से का माहौल है।

14 दिन में 4 हत्याएं, दहशत में राजधानी
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो सप्ताह में चार हत्याओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं….
-29 जनवरी, विकासनगर: 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर (18) की हत्या। चचेरे भाई पर आरोप।
-31 जनवरी, ऋषिकेश: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार।
-02 फरवरी, पलटन बाजार: 23 वर्षीय युवती गुंजन की गला रेतकर हत्या, बाजार बंद।
-11 फरवरी, तिब्बती मार्केट: अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या।
