Uttarakhandउत्तराखंडप्रतिभा को सलाम

वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी बंशी लाल राणा बने आईएएस, उत्तरकाशी के नाम एक और उपलब्धि

केंद्र सरकार के DoPT ने जारी किए आदेश, 2022 की चयन सूची में मिली पदोन्नति; वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक पद पर तैनात

देहरादून। उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और उत्तरकाशी जनपद के डुंडा निवासी बंशी लाल राणा को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत किया गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। उनके आईएएस बनने से उत्तरकाशी सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।

जारी अधिसूचना के अनुसार उत्तराखंड राज्य सिविल सेवा की वर्ष 2022 की चयन सूची के अंतर्गत बंशी लाल राणा को भारतीय प्रशासनिक सेवा (उत्तराखंड कैडर) में पदोन्नति दी गई है। आदेश के मुताबिक उन्हें आईएएस कैडर में प्रोबेशन पर नियुक्त किया गया हैबंशी लाल राणा वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक सेवा में अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता और ईमानदार कार्यशैली से पहचान बनाई है।
इससे पूर्व वे राज्य के विभिन्न जनपदों में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पर्यटन विभाग में जीएम पर्यटन तथा एफसीआई में उपायुक्त जैसे अहम पदों पर भी जिम्मेदारी निभाई है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया।
मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के डुंडा क्षेत्र से संबंध रखने वाले बंशी लाल राणा अपने सौम्य, सरल और सहज स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। उनके आईएएस बनने से जनपद उत्तरकाशी का नाम एक बार फिर प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बंशी लाल राणा को आईएएस बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि वे भविष्य में भी अपनी कार्यकुशलता और अनुभव से प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button