Uttarakhandउत्तराखंडदो टूकपुलिस

कानून व्यवस्था की समीक्षा: सत्यापन, महिला सुरक्षा और ‘ऑपरेशन स्माइल’ पर सख्त निर्देश

देहरादून। उत्तराखण्ड में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल व कुमाऊं रेंज के अधिकारियों सहित सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में पुलिस सत्यापन प्रक्रिया, महिला सुरक्षा के लिए संचालित ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ तथा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ की विस्तृत समीक्षा की गई। एडीजी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन अभियानों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किरायेदारों और घरेलू नौकरों के अनिवार्य सत्यापन को प्राथमिकता देते हुए कहा कि ‘उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम 2007’ के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सत्यापन के दौरान संदिग्ध मामलों में ICJS पोर्टल, NCRC और NAFIS जैसे तकनीकी माध्यमों से तत्काल जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एडीजी ने सभी जनपदों में रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और गेटेड कॉलोनियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य राज्यों व जनपदों को भेजे गए सत्यापन प्रपत्रों की नियमित मॉनिटरिंग और फॉलोअप करने पर भी जोर दिया गया। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक महिलाओं व बालिकाओं के पंजीकरण के निर्देश दिए। महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ‘महिला चीता पुलिस’ की नियमित गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।
गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की बरामदगी के मामलों में ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए एडीजी ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करे। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र राजगुरू और अपर पुलिस अधीक्षक अंकुश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button