सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा 880 स्मार्ट टीवी से लैस होंगी कक्षाएँ, प्री-डिस्पैच निरीक्षण के लिए टीम पांडिचेरी रवाना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सरकारी विद्यालयों में डिजिटल एजुकेशन को सशक्त बनाने की दिशा में डीएम सविन बंसल ने कदम तेज कर दिए हैं। जनपद देहरादून के सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधा विकसित करने के उद्देश्य से 880 स्मार्ट एलईडी टीवी क्रय किए गए हैं, जिनका स्टॉक तैयार हो चुका है।
इन स्मार्ट टीवी के माध्यम से अब सरकारी विद्यालयों की प्रत्येक कक्षा में निजी स्कूलों की तर्ज पर एलईडी स्क्रीन उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल, इंटरएक्टिव एवं दृश्य-आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा और शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक व प्रभावी बनेगी।
प्री-डिस्पैच निरीक्षण से होगी गुणवत्ता सुनिश्चित
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार क्रय की गई सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन (पीडीआई) कराया जाएगा। इसके तहत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, पांडिचेरी जाकर स्मार्ट टीवी की तकनीकी गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित विनिर्देशों की भौतिक जांच करेंगे। संतोषजनक पाए जाने के बाद ही सामग्री को जनपद में भेजने की अनुमति दी जाएगी।
प्रोजेक्ट ‘उत्कर्ष’ के तहत स्कूलों का कायाकल्प
गौरतलब है कि जिला प्रशासन पिछले डेढ़ वर्ष से ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ के तहत सरकारी विद्यालयों को सुविधा सम्पन्न बना रहा है। विद्यालयों में फर्नीचर, खेल अवसंरचना, शौचालय, विद्युत, पेयजल, मंकीनेट, पुस्तकालय सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
स्मार्ट क्लास परियोजना से जनपद के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा। ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाई आसान होगी, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय भी तकनीकी रूप से सशक्त बनेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक धन का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता व नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
