Uttarakhandउत्तराखंडप्रतिभा को सलामसम्मान

हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 में प्रो. नितिका कौशल को “वुमेन इन हेल्थकेयर” सम्मान

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 के दौरान रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. नीतिका कौशल को “वुमेन इन हेल्थकेयर” सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य, चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

वेलोक्स मीडिया द्वारा हयात सेंट्रक देहरादून में आयोजित इस समिट में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह (लेफ्टिनेंट जनरल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी , महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ . सुनीता टम्टा तथा एससीपीसीआर की अध्यक्ष डॉ . गीता खन्ना सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि निवारक एवं सामुदायिक आधारित स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही उन्होंने ‘ट्रीटमेंट’ के साथ ‘हीलिंग’ पर ध्यान देने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेलीमेडिसिन और सुदृढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने तथा पीपीपी मॉडल में जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।
सम्मान प्राप्त करने वाली प्रो. नीतिका कौशल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका के तहत विद्यार्थियों के समग्र विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रोत्साहन और शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है।
समिट के दौरान हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों से आए विशेषज्ञों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, महिला स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल हेल्थ और पीपीपी मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई व्यक्तियों और संस्थानों को भी सम्मानित किया गया। करीब 150 से अधिक प्रतिभागियों और 40 से अधिक विशेषज्ञों की सहभागिता के साथ यह समिट स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार, संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button