सुभारती विश्वविद्यालय की प्रो. नितिका कौशल को ‘भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार–2026’ से सम्मानित

देहरादून।उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय सामने आया जब रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी से संबद्ध प्रोफेसर एवं डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) प्रो. नितिका कौशल को मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार–2026 से सम्मानित किया गया।

यह भव्य सम्मान समारोह दिनांक उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVN) के उज्ज्वल भवन, देहरादून में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रो. नितिका कौशल को “आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन इन मेडिकल एजुकेशन ” श्रेणी में विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जो मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पित, दूरदर्शी एवं प्रभावशाली योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। यह सम्मान इंस्टिट्यूट फॉर सोशल रेफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट (ISRHE) द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक सेवा एवं नीति निर्माण से जुड़े अनेक विशिष्ट व्यक्तियों की सहभागिता रही। प्रो. नितिका कौशल ने अपने नेतृत्व में छात्र कल्याण, शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यक्तित्व विकास तथा शोध उन्नयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके मार्गदर्शन में संचालित कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और अकादमिक उत्कृष्टता को सशक्त रूप से प्रोत्साहित किया है।
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रो. कौशल ने कहा,“यह सम्मान मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक संकल्प है। यह मेरे माता-पिता और परिवार के आशीर्वाद, मेरे गुरुओं के विश्वास और मेरे विद्यार्थियों के स्नेह का परिणाम है। मैं शिक्षा को सेवा और संस्कार का माध्यम मानते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहूँगी।”
समारोह में सुबोध उनियाल, माननीय वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सविता कपूर, माननीय विधायक, उत्तराखंड विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त यूजेवीएन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी संदीप सिंघल, अजय कुमार सिंह एवं सुरेश चंद्र बलूनी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन नरेंद्र सिंह, एन. के. यादव, एर. एच. के. उप्रेती, डॉ. प्रशांत अग्रवाल, डॉ. अतुल शर्मा (अध्यक्ष, ISRHE) एवं डॉ. रेशु गुप्ता (सचिव, ISRHE) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना से हुआ तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।
