कुंभ मेला–2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी ने कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। कुंभ मेला–2027 की तैयारियों को व्यवस्थित, प्रभावी और समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला जैसे विराट और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए सुविचारित योजना, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर निगरानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान देश–विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र तथा नजीबाबाद मार्ग स्थित कुंभ नगरी के प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का भ्रमण किया गया। मेलाधिकारी ने इन सभी क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, संपर्क मार्गों को सुव्यवस्थित रखने तथा सेक्टरों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि मेले के दौरान पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे, पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित किए जाएं, नियमित साफ-सफाई एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था हो, साथ ही प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक सेक्टर में चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
मेलाधिकारी ने सभी चिन्हित अस्थायी पार्किंग स्थलों का समय से समतलीकरण कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संपर्क मार्गों को मजबूत और सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सड़क मार्ग से आने वाले श्रद्धालु नगर के आंतरिक क्षेत्रों में प्रवेश किए बिना ही सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित स्नान घाटों तक पहुंच सकें, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन और मार्गदर्शन व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हरिद्वार में निर्माणाधीन रिंग रोड एवं नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना में आवश्यक संशोधन किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस अवसर पर एसपी (सिटी) अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने निरीक्षित क्षेत्रों में की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। मेलाधिकारी ने अंत में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेला–2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए स्मरणीय बनाया जा सके।
