Uttarakhandउत्तराखंडनशे के सौदागर

टिहरी गढ़वाल में नई एसएसपी श्वेता चौबे ने संभाला कार्यभार, पुलिसिंग को जनोन्मुखी बनाने पर जोर

देहरादून। जनपद टिहरी गढ़वाल को नई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में श्वेता चौबे का नेतृत्व मिल गया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय में पत्रकारों के साथ शिष्टाचार भेंट एवं विस्तृत प्रेस वार्ता कर अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को साझा किया।

इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसएसपी चौबे का स्वागत किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनता के प्रति जवाबदेह बनाना रहेगा।
चारधाम यात्रा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए एसएसपी ने यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही रूट डायवर्जन प्लान और रियल-टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुनिकीरेती समेत जाम प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जाएंगे।
पार्किंग और शहरी अव्यवस्था पर कड़ा रुख जनपद में अनियंत्रित पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नए पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण और विकास किया जाएगा। इससे शहर में जाम की समस्या को काफी हद तक कम करने का लक्ष्य है।
महिला और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता एसएसपी चौबे ने कहा कि महिला और बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क को और मजबूत किया जाएगा तथा शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

साइबर अपराधों पर सख्ती

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जनपद में विशेष रणनीति लागू की जाएगी। गांव-गांव में चौपाल लगाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था

जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और खुफिया तंत्र को मजबूत किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नशा उन्मूलन अभियान

नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की बात करते हुए SSP ने कहा कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित कर नशा तस्करों और उनके गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

नागरिक केंद्रित पुलिसिंग और त्वरित न्याय

पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक जनहितैषी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जनसुनवाई प्रणाली को भी प्रभावी बनाया जाएगा।

आपदा प्रबंधन में सुधार

पहाड़ी जनपद होने के कारण आपदा प्रबंधन को मजबूत करना आवश्यक है। एसएसपी ने बताया कि स्टेट डिज़ास्टर रिस्पांस फाॅर्स (SDRF) और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस, फायर सर्विस और अन्य विभागों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर रिस्पॉन्स टाइम को और तेज किया जाएगा।

मीडिया को बताया अहम साझेदार

प्रेस वार्ता के अंत में एसएसपी चौबे ने मीडिया को पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनपद में शांति, सुरक्षा और विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button