Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावा

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई ऋषिकेश में अवैध बहुमंजिला भवन सील, सेलाकुई में 10 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

देहरादून। प्राधिकरण क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने सुरक्षा मानकों और मास्टर प्लान की अनदेखी पर ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन को सील किया, जबकि सेलाकुई क्षेत्र में 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

सेलाकुई में चला बुलडोजर
एमडीडीए की टीम ने शेरपुर क्षेत्र में श्रीराम सेंटेनियल स्कूल के पीछे, नया हाईवे सेलाकुई के समीप लगभग 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। जांच में सामने आया कि भू-स्वामी प्रवीन विज द्वारा बिना स्वीकृत लेआउट और आवश्यक अनुमति के भूमि का विभाजन किया जा रहा था। शिकायतों और पूर्व में जारी नोटिस के बावजूदनियमों का पालन न होने पर यह कार्रवाई की गई।

अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

इसी क्षेत्र में सावेज द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया। यह निर्माण न तो मानचित्र स्वीकृति के अनुरूप था और न ही भूमि उपयोग परिवर्तन की अनुमति ली गई थी। कार्रवाई सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता नीतेश राणा, सुपरवाइजर ललित तथा पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन पर शिकंजा

हरिपुर कला, आदिनाथ अखाड़ा के निकट अशोक मित्तल द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण को भी एमडीडीए ने सील कर दिया। जांच में पाया गया कि भवन का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था। कार्रवाई में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता मनीष डिमरी, सुपरवाइजर एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

उपाध्यक्ष का सख्त संदेश

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। नोटिस के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भवन या भूखंड की खरीद से पहले उसकी विधिक स्थिति अवश्य जांच लें।
अभियान रहेगा जारी, प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में निरंतर निगरानी की जा रही है और संदिग्ध निर्माण की सूचना मिलते ही मौके पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button