कलयुगी मां ने 12 लाख में दी थी अर्जुन की सुपारी, दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल मां समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी के परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े हुई गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद के चलते 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की मां समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। इधर, एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि हत्याकांड की साजिश में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

बता दें कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने अर्जुन शर्मा को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और हाल ही में पारिवारिक विवाद के चलते इंदिरा नगर में रह रहे थे।
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर हत्या कराने का शक जताया। तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से खुला राज
घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्कूटी सवार दो संदिग्धों की पहचान हुई। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़
लाडपुर (रायपुर क्षेत्र): चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायर में उसके पैर में गोली लगी। उसकी पहचान राजीव उर्फ राजू (50 वर्ष) के रूप में हुई।
लालतप्पड़ (डोईवाला क्षेत्र): बैरियर पर रोकने पर दूसरे आरोपी ने भी पुलिस पर फायरिंग की और बंद पड़ी बिरला फैक्ट्री में छिप गया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसकी पहचान पंकज राणा (52 वर्ष) के रूप में हुई।
दोनों सगे भाई हैं और चक्खुवाला क्षेत्र में रहते हैं। दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल की है। उनके कब्जे से 02 तमंचे (.315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।
14 करोड़ की डील और बना कत्ल का प्लान
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की मां बीना शर्मा ने जीएमएस रोड स्थित संपत्ति का सौदा डॉ. अजय खन्ना से 14 करोड़ रुपये में किया था। इसमें से 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन अर्जुन शर्मा ने संपत्ति पर न्यायालय से स्टे ले लिया था। इसी विवाद के चलते मां, डॉ. खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। शूटरों से 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल्स से जुड़े तार
जांच में सामने आया कि वारदात से पहले और बाद में आरोपियों के बीच व्हाट्सएप पर संपर्क हुआ था। साथ ही, मृतक की दिनचर्या की जानकारी भी जुटाई गई थी।
गिरफ्तार आरोपी पंकज राणा (मुख्य शूटर), राजीव उर्फ राजू (मुख्य शूटर), बीना शर्मा (मृतक की मां), विनोद उनियाल, डॉ. अजय खन्ना को पुलिस ने गिरफ्तार किया है
पुलिस ने मुठभेड़ में घायल दोनों शूटरों को कोर्ट से रिमांड पर लिया है। अन्य आरोपियों से भी गहन पूछताछ जारी है।
