देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, सहस्त्रधारा रोड के एकता विहार में भवन सील

देहरादून। राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में एक अवैध निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने जांच के दौरान पाया कि संबंधित भवन का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया जा रहा था, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया गया।
एमडीडीए से मिली जानकारी के अनुसार सहस्त्रधारा रोड स्थित एकता विहार, लेन नंबर-16 ए में भवन स्वामी रिमी अरोड़ा द्वारा बिना प्राधिकरण की अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए पहले भवन स्वामी को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में जवाब और स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने पर प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर की गई। मौके पर पहुंची टीम ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए भवन को सील किया। इस दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता कुमारी सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करना उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए यह आवश्यक है कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही किए जाएं, ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सके। वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बरनिया ने बताया कि प्राधिकरण की टीम द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और जहां भी अवैध निर्माण की जानकारी मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।
