
देहरादून।तिब्बती मार्केट और प्रेस क्लब के पास दिनदहाड़े हुई अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में अब जांच ने अहम मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित तीन अन्य लोगों पर पति की हत्या करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र में अभिलाषा शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी सास बीना शर्मा का विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अजय खन्ना के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि इस आर्थिक विवाद का अर्जुन शर्मा ने विरोध किया था, जिसके चलते उनका अपनी मां से गंभीर मतभेद हो गया था। यह मामला न्यायालय में भी लंबित बताया जा रहा है।
अभिलाषा शर्मा ने सीधे तौर पर आशंका जताई है कि इसी रंजिश के चलते सभी आरोपियों ने मिलकर साजिश के तहत उनके पति की हत्या कराई। इस आरोप के बाद मामला अब केवल अज्ञात हमलावरों की कार्रवाई नहीं, बल्कि कथित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की दिशा में जांच का रूप ले चुका है।
पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और संभावित गिरफ्तारी पर टिकी है।
