थराली पहुँची अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। हाल ही में हुई भारी वर्षा और लगातार भूस्खलनों से चमोली ज़िले के कई हिस्सों में भारी तबाही मची है। सड़कों के बाधित होने से संपर्क व्यवस्था ठप रही, कई घरों-आवासों को क्षति पहुँची और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस गंभीर स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए भारत सरकार की अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम सोमवार को थराली पहुँची। टीम ने थराली क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया और वहाँ की स्थिति का बारीकी से जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया, बल्कि उनकी समस्याओं और ज़मीनी चुनौतियों को भी सुना।
स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक
निरीक्षण के उपरांत टीम ने जिलाधिकारी सन्दीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के साथ विस्तृत चर्चा की। इसमें अब तक की गई राहत कार्यवाही, पुनर्वास की तैयारियों और प्रभावित परिवारों की स्थिति का प्रारंभिक विवरण प्राप्त किया गया।
सात सदस्यीय समिति करेगी विस्तृत मूल्यांकन
भारत सरकार ने आपदा से हुई क्षति का विस्तृत मूल्यांकन करने के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है। यह समिति न केवल चमोली, बल्कि अन्य आपदा प्रभावित जिलों का भी दौरा करेगी और प्रत्यक्ष आकलन के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगी। केंद्रीय टीम ने आश्वासन दिया कि आपदा से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी और राहत व पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।