Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावाप्रतिभा को सलाम

देहरादून में आईएमए के चुनाव सम्पन्न, डॉ. महेश कुड़ियाल निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

देहरादून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की देहरादून इकाई के संस्थागत चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो गए। इस चुनाव में वर्किंग कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ 28 सामान्य सदस्यों का भी चयन किया गया।

आईएमए देशभर के चिकित्सकों का एक प्रमुख संगठन है, जो न केवल डॉक्टरों के हितों की रक्षा करता है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सरकार का सहयोग भी करता है। संस्था स्वास्थ्य नीतियों पर सुझाव देने, जन-जागरूकता अभियान चलाने, गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा आपदा व महामारी के समय महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जानी जाती है।
देहरादून इकाई में लगभग 600 पंजीकृत सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ यह चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव अधिकारी डॉ. किरण कुमार कालरा की निगरानी में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराई गई। चुनाव के परिणामस्वरूप वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ अन्य पदों पर भी निर्वाचन सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रेसिडेंट इलेक्ट: डॉ. प्रवीन जिंदल, वाइस प्रेसिडेंट: डॉ. राजीव दीक्षित, मानद सचिव: डॉ. अंकित परासर, कोषाध्यक्ष: डॉ. राहुल अवस्थी, संयुक्त सचिव: डॉ. सिद्धांत खन्ना आदि शामिल हैं।

आईएमए नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. महेश कुड़ियाल ने अपने चयन पर आईएमए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।bउन्होंने कहा कि आईएमए आने वाले समय में सरकार और समाज के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा। संगठन का उद्देश्य जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, गरीबों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना तथा चिकित्सकों के अधिकारों की रक्षा करना रहेगा। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों, जन-जागरूकता अभियानों और स्वास्थ्य सुधार की दिशा में भी संस्था सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
गौरतलब है कि आगामी वर्ष के लिए भी अध्यक्ष पद का चयन कर लिया गया है, जिसमें डॉ. प्रवीन जिंदल को अगले कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुना गया है। आईएमए के इस चुनाव को चिकित्सा जगत में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button