श्री काशी विश्वनाथ फुटबॉल रनिंग ट्रॉफी का खिताब ज्ञानसू के नाम, पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से माँ गंगा टीम को हराया

देहरादून। नगरपालिका परिषद बाड़ाहाट के “एक साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत रामलीला मैदान, उत्तरकाशी में आयोजित श्री काशी विश्वनाथ फुटबॉल रनिंग ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अंतिम दिन खेले गए खिताबी मुकाबले में ज्ञानसू ने माँ गंगा टीम को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
9-ए साइड प्रारूप में खेले गए फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ के 34वें मिनट में ज्ञानसू के स्ट्राइकर नवीन ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि अगले ही मिनट 35वें मिनट में माँ गंगा टीम के आकाश ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 38वें मिनट में आकाश ने लगातार दूसरा गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में ज्ञानसू ने वापसी करते हुए मनवीर के गोल की बदौलत मैच 2-2 से बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें ज्ञानसू ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि एवं आयोजक नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ज्ञानसू के नवीन को बेस्ट स्कोरर, माँ गंगा टीम के आकाश को बेस्ट स्ट्राइकर, नितिन नेगी को बेस्ट गोलकीपर तथा पारस को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह मटूड़ा, प्रेम सिंह पंवार, गंगा सिंह राणा, दीपेन्द्र पंवार, सभासद महावीर चौहान, मनीष पंवार, देवराज बिस्ट, संतोषी राणा, सुनीता नेगी, मधु भट्ट, वंदना नौटियाल, नीरज पंवार, कृष्णा रमोला, अरुण बिस्ट, इरशाद, विश्वास रावत, अजय रॉय, दुर्गेश नौटियाल, गौतम पंवार, मनोज शाह और राजेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच में हर्षित चौहान, सुमित पुंडीर और हिमांशु प्रजापति ने रेफरी की भूमिका निभाई।
