Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावापुलिस

उधम सिंह नगर में 10 करोड़ की नकली NCERT किताबों का भंडाफोड़, लाखों पुस्तकें बरामद

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को नकली सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद उधम सिंह नगर की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली NCERT पुस्तकों का विशाल जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में करीब 10 लाख पुस्तकों का भंडारण उजागर हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च की रात आनंदम रिजॉर्ट के पास पुलिस टीम ने एक कैंटर वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक ने पुस्तकों को मेरठ से लाने की बात कही, लेकिन जांच के दौरान उसके पास ई-वे बिल नहीं मिला और प्रस्तुत दस्तावेजों में भी असमानता पाई गई। इससे संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में NCERT की पुस्तकें बरामद हुईं।
पूछताछ में चालक ने संबंधित गोदाम की जानकारी दी, जहां शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जांच कराई गई। प्रथम दृष्टया अधिकारियों ने पुस्तकों को नकली बताया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां लगभग 10 लाख किताबें संग्रहीत मिलीं। जांच में गोदाम मालिक का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि गोदाम संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था। दिल्ली से आई NCERT टीम की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पुस्तकों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं। साथ ही, असली “NCERT” की जगह “ACERT” छापकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। NCERT टीम द्वारा नकली होने की पुष्टि के बाद कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड, श्दीपम सेठ ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button