पीएम के स्वागत को तैयार दून: आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक 13 जोन में बंटा रूट, सुरक्षा और व्यवस्थाएं हाई अलर्ट पर

देहरादून। राजधानी देहरादून में नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लॉ एंड ऑर्डर का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
13 जोन में बांटा गया पूरा रूट, हर बिंदु पर निगरानी
प्रधानमंत्री के भ्रमण मार्ग आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
प्रशासन का अनुमान है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में आमजन स्वैच्छिक रूप से मार्ग पर मौजूद रहेंगे। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन और समन्वय पर विशेष जोर दिया गया है।
सुरक्षा से लेकर पेयजल तक, हर व्यवस्था पर फोकस
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरे रूट पर पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यहां आमजन के बैठने के लिए पंडाल, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
लोक संस्कृति की दिखेगी भव्य झलक
प्रधानमंत्री के स्वागत को खास बनाने के लिए पूरे मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों द्वारा उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। ढोल-दमाऊं और लोक वाद्य यंत्रों के साथ पारंपरिक रंग पूरे आयोजन को भव्य बनाएंगे।
14 अप्रैल को होगा लोकार्पण
बताया गया कि 14 अप्रैल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गणेशपुर में प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-हाईवे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है, जिसके तहत देहरादून दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह दौरा राज्य और जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा है, इसलिए हर व्यवस्था में उत्कृष्टता नजर आनी चाहिए। बैठक में नगर निगम, विकास, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
