Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकताशिक्षा

चमोली के दुर्गम विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मिली नई ताक़त, सात प्राथमिक स्कूलों में लगे स्मार्ट टीवी

देहरादून। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन और समग्र शिक्षा उत्तराखंड के सहयोग से नंदा नगर विकासखंड (जनपद चमोली) के सात राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट टीवी स्थापित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए शिक्षण गुणवत्ता में सुधार करना है।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंगाली, नंदानगर में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनजीओ नोडल अधिकारी डॉ. बी. पी. मैंदोली ने स्मार्ट टीवी का लोकार्पण किया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर विद्यार्थियों ने स्मार्ट टीवी के माध्यम से “परीक्षा पे चर्चा–2026” कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा, जिससे डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
इस योजना के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय लांखी, सरपानी, बंगाली, पगना, कुण्डबगड़, नारंगी और सुतोल को स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से शिक्षक दृश्य-आधारित शिक्षण सामग्री, डिजिटल कंटेंट और इंटरैक्टिव संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे, जिससे छात्रों की समझ और सीखने की रुचि में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में समग्र शिक्षा से जिला समन्वयक श्री प्रदीप बिष्ट, लेखाकार श्री प्रकाश गौड, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन सुश्री अंकिता बिष्ट, क्लस्टर रिसोर्स पर्सन श्री दलबीर सिंह बिष्ट सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय की ओर से श्री राकेश सती, श्री राधा कृष्ण मैंदोली एवं सुश्री दीक्षा श्रीवास्तव ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन की ओर से टेक्नोलॉजी लीड श्री वरुण भामरे और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. अजय सिंह ने तकनीक आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि डॉ. बी. पी. मैंदोली ने कहा कि यह पहल दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button