Uttarakhandउत्तराखंडलोकपर्वसम्मान

मैती धियाणी मिलन कार्यक्रम के साथ सौड़ सांकरी में श्रद्धा और परंपरा का संगम, देवगोत मेला भव्य रूप से संपन्न

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की पावन वादियों में स्थित सौड़ सांकरी गांव में आस्था, परंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक देवगोत मेला मैती धियाणी मिलन कार्यक्रम के साथ श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में आयोजित किया गया। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र रहा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का भी जीवंत उदाहरण बना।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमेश्वर महादेव के श्रीचरणों में नमन कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। ढोल-दमाऊ की गूंजती मधुर ध्वनियां, भक्तों की जयकार और मंदिर परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। देवगोत मेला केवल एक धार्मिक आयोजन भर नहीं, बल्कि लोकआस्था, सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर मैती धियाणी मिलन कार्यक्रम के माध्यम से मायके-बेटी के रिश्तों को सहेजने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।


कार्यक्रम में ग्रामवासियों, युवा शक्ति, मातृशक्ति एवं बुजुर्गों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। सभी ने भगवान सोमेश्वर महादेव से क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्ध जीवन की प्रार्थना की। ग्राम पंचायत सौड़ सांकरी की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में देवगोत मेले की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं और “हर-हर महादेव, जय सोमेश्वर महादेव” के जयघोष के साथ आयोजन का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button