
देहरादून। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर चेन्नई में रोड शो के बाद उत्तराखंड लौट रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधी जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से मिले। सीएम धामी ने उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम पूछी और डॉक्टरों से जानकारी ली।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का वाहन गत दिवस कुमाऊं भ्रमण के दौरान काशीपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रावत चोटिल हुए थे। पहले उन्हें काशीपुर में इलाज दिया गया, बाद में जौलीग्रांट अस्पताल भर्ती किया गया। आज चेन्नई ग्लोबल समिट के रोड शो के बाद नई दिल्ली से लौटते समय मुख्यमंत्री धामी ने हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान चिकित्सकों से उनके उपचार सम्बंधित जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री धामी ने माँ पूर्णागिरि से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।