Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिस

आईजी गढ़वाल पर अभद्र टिप्पणी मामला: केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज, प्रदेशभर में विरोध तेज

देहरादून। सोशल मीडिया पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोप में केशव थलवाल के विरुद्ध शहर कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, चुक्खुवाला निवासी सागर सोनकर ने कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में बताया कि 7 अप्रैल को केशव थलवाल ने अपने फेसबुक पेज “केशव सिंह / जागो उत्तराखंड” पर आईजी गढ़वाल के खिलाफ अभद्र, अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट की। शिकायत में कहा गया कि इस पोस्ट के जरिए न केवल एक वरिष्ठ अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया, बल्कि इससे पुलिस विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट सोशल मीडिया पर सार्वजनिक शांति को प्रभावित कर सकती है और लोगों को भड़काने का काम करती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शहर कोतवाल हरिओम चौहान ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर केशव थलवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

केश्व के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज

इस घटना के बाद केशव थलवाल के खिलाफ पहाड़ से लेकर मैदान तक विरोध तेज हो गया है। विभिन्न संगठनों और नागरिकों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार को कई संगठनों ने शहर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।

पुलिस जांच में आरोप पाए गए निराधार

इधर, केशव थलवाल द्वारा टिहरी में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र रौतेला सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी जांच पूरी हो चुकी है। सीओ श्रीनगर अनुज कुमार द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट में सभी आरोप निराधार पाए गए हैं। रिपोर्ट आईजी कार्यालय को सौंप दी गई है।

सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी की अपील

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अभद्र और भड़काऊ भाषा का प्रयोग कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button