देहरादून में दिनदहाड़े सरेबाजार युवती की गला रेतकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दूल्हा मार्केट के पास एक युवक ने युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े सरेबाजार हुई इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक आकाश कुमार (27 वर्ष) पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून ने युवती गुंजन पर चापड़ से अचानक हमला कर दिया। हमले में युवती की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि गुंजन पिछले 5–6 वर्षों से मच्छी बाजार स्थित दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच पूर्व में दोस्ती थी। आरोपी की शादी हो जाने के बाद गुंजन ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा करता रहा। दो दिन पूर्व आरोपी ने गुंजन को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है
