गोलीकांड से दून फिर दहला,…जिम से निकलते ही स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की नजदीक से गोली मारकर हत्या

देहरादून। शुक्रवार सुबह राजधानी दून एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम में कसरत करने आए 45 वर्षीय स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात इतनी सटीक और सुनियोजित थी कि हमलावरों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया।
मूल रूप से काशीपुर निवासी विक्रम शर्मा वर्तमान में देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह जिम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह जिम से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह एस्केलेटर के पास लहूलुहान होकर गिर पड़े। मॉल में अचानक मची भगदड़ के बीच सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
गोली मारने के बाद बाइक से फरार हुए हमलावर
सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तेजी से मुख्य सड़क की ओर भागे, जहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर तैयार खड़ा था। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक को किसी खतरे की आशंका थी और वह खुद भी पिस्टल लेकर आया था, लेकिन हमलावरों ने उसे हथियार निकालने तक का मौका नहीं दिया। इससे पुलिस टारगेट किलिंग या सुनियोजित सुपारी एंगल से भी जांच कर रही है।
हत्याकांड के बाद सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मॉल परिसर को घेराबंदी में ले लिया। अंदर-बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मॉल स्टाफ, जिम कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात बेहद नजदीक से की गई है, जो पेशेवर अंदाज की ओर इशारा करती है।
दून में 48 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात से सनसनी
गौरतलब है कि 48 घंटे पहले ही तिब्बती मार्केट में कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले पलटन बाजार में युवती की गला काटकर हत्या, विकासनगर में छात्रा की हत्या और ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने देहरादून की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर का आम व्यक्ति पूछ रहा है सवाल
क्या दून में अपराधियों का खौफ खत्म हो चुका है?
क्या सार्वजनिक स्थान भी अब सुरक्षित नहीं रहे?
क्या संगठित अपराध नेटवर्क सक्रिय हो चुका है?
शांत और सुरक्षित माने जाने वाले देहरादून में मॉल जैसे सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की वारदात ने लोगों को दहशत में डाल दिया है।
दून पुलिस के सामने फिर बड़ी चुनौती
अब पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती है—
हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी संगठित अपराध की जड़ तक पहुंचना शहर में कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई
फिलहाल पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है आपसी रंजिश, गैंग कनेक्शन, सुपारी किलिंग और पुरानी दुश्मनी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है। देहरादून की सड़कों पर गूंजती गोलियों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है।
