ग्रामीण डाक सेवकों की बंपर भर्ती, 28,636 पदों पर होगी नियुक्ति

देहरादून।भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर प्रदान करते हुए ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 28,636 पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। यह भर्तियां उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, दिल्ली सहित देश के 23 राज्यों के विभिन्न पोस्टल सर्किलों में की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) एवं असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) पदों पर होगी।
डाक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 14 फरवरी 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
शैक्षणिक योग्यता
अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही गणित और अंग्रेज़ी विषय में पास होना जरूरी है। जिस पोस्टल सर्किल के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया जाएगा। अभ्यर्थी को साइकिल या मोटरसाइकिल चलाने में सक्षम होना चाहिए। इसके अलावा मान्यता प्राप्त संस्थान से 60 दिनों का बेसिक कंप्यूटर ट्रेनिंग सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। जिन उम्मीदवारों ने 10वीं, 12वीं या उच्च कक्षा में कंप्यूटर विषय पढ़ा है, उन्हें इस सर्टिफिकेट से छूट मिलेगी।
वेतनमान
ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) पद के लिए ₹12,000 से ₹29,380 प्रतिमाह, जबकि असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) पद के लिए ₹10,000 से ₹24,470 प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है।
आयु सीमा
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 16 फरवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी।
अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग को 5 वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग को 3 वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की आयु में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क ₹100 निर्धारित है, जबकि अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग एवं महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन निःशुल्क रहेगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया
उम्मीदवार डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट
indiapost.gov.in/gdsonline/engagement
पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
