मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा पहुंचकर लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही तय करने के साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि भी मिले। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बरतने पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और क्षेत्र के विकास को गति देना सरकार की प्रतिबद्धता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री संतोष गौरव एवं फरजाना बेगम, नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्भल, रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पांडे और भवानी भंडारी सहित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, वीसी जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
