Uttarakhandउत्तराखंडदावादेश-विदेश

ऋषिकेश में गूंजेगी ‘द बीटल्स’ की कहानी, फरवरी 2027 में अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग प्रस्तावित

देहरादून। उत्तराखंड की आध्यात्मिक नगरी ऋषिकेश अब अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के बड़े पर्दे पर अपनी खास पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। इस संबंध में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर परियोजना पर चर्चा की।

प्रस्तावित फिल्म परियोजना ‘क्लोवर’ का निर्देशन ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस परियोजना के तहत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘द बीटल्स–ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नामक इस फिल्म श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

250 से अधिक भारतीय और विदेशी क्रू सदस्य होंगे शामिल
ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

वैश्विक पटल पर और मजबूत होगी उत्तराखंड की पहचान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान दुनियाभर में योग और आध्यात्मिकता के केंद्र के रूप में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही, प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।प्रस्तावित परियोजना को उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण और पर्यटन को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button