Uttarakhandउत्तराखंडदावादेश-विदेश

नशा-मुक्ति का संदेश लेकर गुजरात रवाना हुआ उत्तराखंड पुलिस का बाइकर्स दल

देहरादून। नशा-मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ (Fight Against Drugs) थीम पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में उत्तराखंड पुलिस का यह दल प्रतिभाग करेगा। 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में भी दल शामिल होगा।

इस अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन, देहरादून में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरी शुरुआत खुद से’ थीम पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने उपस्थित जनसमूह को नशा न करने और समाज को नशा-मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल को गुजरात के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने दल के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देने के साथ ही देशभर में मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और उत्तराखंड पुलिस की गरिमा के अनुरूप आचरण करने के निर्देश दिए।
21 अक्टूबर को दिल्ली से रवाना होंगे उत्तरी जोन के दल
उत्तराखंड पुलिस का मोटरसाइकिल दल देहरादून से हरिद्वार होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगा। यहां 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से उत्तरी जोन के दलों को संयुक्त रूप से रवाना किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न राज्यों से होते हुए दल 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में प्रतिभाग करेगा। इस राष्ट्रीय अभियान की नोडल एजेंसी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) है। यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस के जवान विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ लोगों को नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

1,000 लोगों ने ली नशा-मुक्ति की शपथ
पुलिस लाइन में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, विभिन्न राजकीय विभागों के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों सहित करीब 1,000 लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित गोष्ठी में विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। डॉ. शिल्पी अरोड़ा ने नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों के लिए संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया ‘नशा मुक्त उत्तराखंड–मेरी शुरुआत खुद से’ सेल्फी पॉइंट भी युवाओं और विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button