उत्तराखंड पुलिस में महिला आरक्षियों के पद बढ़ाकर 2000 करने को सीएम धामी की मंजूरी, जल्द होगी भर्ती

देहरादून। उत्तराखंड में महिला पुलिस कर्मियों के लिए सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
सरकार के इस कदम से जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ होगा। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के होगा पदों का पुनर्गठन
इस प्रस्ताव पर कार्मिक विभाग ने इस शर्त के साथ सहमति व्यक्त की है कि इससे सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में भी वृद्धि नहीं होगी। इसके अतिरिक्त, वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन तथा उनकी भविष्य की पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराना होगा।
महिला पुलिस कर्मियों को मिलेंगे बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है। राज्य सरकार के इस निर्णय को जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों के विस्तार, कार्यरत कर्मियों के समायोजन और भविष्य में पदोन्नति की संभावनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।