गढ़वाल मंडल के सभी छह जिला सहकारी बैंकों में भाजपा का दबदबा

देहरादून। गढ़वाल मंडल के सभी छह जिला सहकारी बैंकों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने से पार्टी में उत्साह का माहौल है। चमोली, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार जिला सहकारी बैंकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।
निर्विरोध निर्वाचित होने वाले अध्यक्षों में चमोली जिला सहकारी बैंक से पूर्व अध्यक्ष रहे गजेन्द्र रावत, पौड़ी से पंकज रावत, टिहरी से पूर्व अध्यक्ष रहे सुभाष चन्द्र रमोला, उत्तरकाशी से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की पत्नी शारदा राणा, देहरादून से मजीत रावत तथा हरिद्वार जिला सहकारी बैंक से विजेंद्र चौधरी शामिल हैं। सभी छह जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्षों का निर्विरोध निर्वाचन भाजपा के लिए सहकारिता क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। निर्वाचन के बाद पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाईयाँ दी तथा कहा गया कि जिला सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय स्तर पर वित्तीय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसानों, काश्तकारों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोगों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने में इन बैंकों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में नवनिर्वाचित अध्यक्षों के सामने सहकारी बैंकों को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जनोपयोगी बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। इधर, भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष अपने-अपने जिलों में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के साथ ही बैंक की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को प्राथमिकता देंगे। साथ ही सहकारी समितियों और बैंक से जुड़े सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। पार्टी की ओर से सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया गया कि वे सेवा, समर्पण और जनहित को प्राथमिकता देते हुए सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
