Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारीदावा

उत्तराखंड में विकास को मिली रफ्तार: मुख्यमंत्री धामी ने 51 करोड़ रुपये की योजनाओं को दी मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में हेलीपैड निर्माण एवं विस्तार, सड़क संपर्क, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण, कारागार अवसंरचना और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, हवाई संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी, पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक और प्रभावी बनेगी तथा प्रदेश के संतुलित विकास को नई दिशा मिलेगी।

हवाई संपर्क मजबूत करने पर विशेष फोकस

सरकार ने प्रदेश में हवाई संपर्क का दायरा बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। जनपद बागेश्वर के बेड़ा-मझेड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.91 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं उत्तरकाशी जिले के विकासखंड मोरी स्थित सुनकुण्डी (जखोल) में हेलीपैड निर्माण हेतु 1.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के डौन परेवा में हेलीपैड निर्माण परियोजना के अंतर्गत दो किलोमीटर पहुंच मार्ग एवं हेलीपैड साइट डेवलपमेंट के प्रथम चरण के लिए 8.30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के पीटीबी परिसर में विद्युतीकरण एवं सिविल कार्यों को पूरा करने के लिए भी 50 लाख रुपये की शेष धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

सड़क नेटवर्क को मिलेगा विस्तार

राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए भी बड़ी राशि स्वीकृत की है। चम्पावत जिले में तामली मोटर मार्ग से मुख्य तोक कारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 2.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड में लोधिया से चौगू तक लगभग पांच किलोमीटर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार के लिए 3.84 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में न्यू कैंट मोटर मार्ग पर सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल तक सड़क को दो लेन से बढ़ाकर 10.50 मीटर चौड़ा करने के लिए 16.87 करोड़ रुपये की बड़ी वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले के नैनीडांडा क्षेत्र के उठिडा गांव में एसडीआरएफ पोस्ट निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इससे आपदा संभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता और अधिक मजबूत होगी। इसके साथ ही टिहरी जिला कारागार में आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल, वीसी क्यूबिकल्स और आवश्यक उपकरणों के निर्माण के लिए 2.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 85.72 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

पुलिस आधुनिकीकरण को भी मिली बड़ी सौगात

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय के मशीन उपकरण, संयंत्र एवं साज-सज्जा मद में स्वीकृत 25 करोड़ रुपये के सापेक्ष 15 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है। इससे पुलिस विभाग की तकनीकी क्षमता और संसाधनों में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, हवाई संपर्क, सुरक्षा, न्यायिक व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने वाली ये परियोजनाएं उत्तराखंड को अधिक सक्षम, सुरक्षित और आधुनिक राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी.सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार आएगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर संपर्क और आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button