विकासखण्ड मुख्यालय चिन्यालीसौड़ के सड़क मार्ग के मरम्मतीकरण हेतु लोनिवि एक हफ्ते में करे कार्यवाही : मुख्यमंत्री

देहरादून। प्रदेश में संचालित महत्वकांक्षी अभियान ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की। मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान की सराहना की और इसे सरकार की जनप्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बताया।
चिन्यालीसौड़ विकासखण्ड मुख्यालय में आयोजित शिविर और जन सुनवाई कार्यक्रम में मा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन आनंद वर्धन सिंह की उपस्थिति में कुल 127 शिकायतें दर्ज हुई जिनमें से 78 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शिविर में उपनल कार्मिकों द्वारा मुख्यमंत्री को समान कार्य समान वेतन लागू करने पर धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। शिविर में मां रेणुका देवी क्लस्टर की सुनीता देवी द्वारा बताया कि उनके क्लस्टर द्वारा स्थानीय उत्पाद बनाए जाते हैं और समूह द्वारा यात्रा रूट पर आउटलेट लगाने की मांग की गई जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा जिलाधिकारी को यात्रा रूट पर रीप के माध्यम से आउटलेट स्थापित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अंजु भंडारी द्वारा मशरूम उत्पादन प्रक्रिया हेतु कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने में सहायता करने की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा संबंधित विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
सभासद सिद्धार्थ नौटियाल द्वारा चिन्यालीसौड़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गाइनोकोलॉजिस्ट की कमी तथा विकासखंड मुख्यालय के सड़क मार्ग की खराब स्थिति की समस्या बताई जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को एक सप्ताह में सड़क को ठीक करने के निर्देश दिए। शीशपाल चंद रमोला द्वारा ग्राम पंचायत बड़ीमणि में दैवीय आपदा से सामुदायिक भवन के क्षतिग्रस्त होने और वहां पर भूस्खलन के उपचार हेतु सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
विकासखण्ड चिन्यालीसौड़ मुख्यालय में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री द्वारा मां रेणुका देवी क्लस्टर को रू. 4.50 लाख का चेक वितरित किया। उद्यान विभाग द्वारा सेब की अति सघन बागवानी हेतु उत्कृष्ट काश्तकार अजयपाल, अतोल सिंह, जुद्धवीर सिंह और भूपेन्द्र सिंह को सेकंड किश्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा 13 कान की मशीन वितरित की गई।
इस अवसर पर मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद वर्धन, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल,दर्जाधारी राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार,गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान,प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान,ब्लाक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण,जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम डोभाल,अतोल सिंह रावत,शैलेन्द्र कोहली, विजय बड़ोनी, पूनम रमोला,लक्ष्मण सिंह,शीशपाल रमोला समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय,सीडीओ जय भारत सिंह,एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
