Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिस

राजधानी में अर्जुन हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता विनोद उनियाल उसका ड्राइवर समेत दो शूटर एनकाउंटर में गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट के निकट दिनदहाड़े हुई कर्नल पुत्र अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में दून पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए केस की गुत्थी लगभग सुलझा ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद पुलिस एक्शन मोड में है और लगातार दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार शूटर की पहचान राजू के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजू मुख्य आरोपी और कथित साजिशकर्ता विनोद उनियाल का ड्राइवर है। एक अन्य आरोपी पंकज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है।

मुख्य साजिशकर्ता के रूप में विनोद उनियाल का नाम
जांच में सामने आया है कि विनोद उनियाल की भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में केंद्रीय रही है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा और विनोद उनियाल के बीच लंबे समय से करीबी संबंध थे। बताया जा रहा है कि अर्जुन के पिता, जो सेना में कर्नल रहे हैं, के तबादले के बाद विनोद का परिवार में आना-जाना बढ़ गया था। सूत्रों के मुताबिक, विनोद उनियाल परिवार की संपत्तियों के सौदों में सक्रिय हो गया था और जमीनों की खरीद-फरोख्त में उसकी भूमिका बढ़ती जा रही थी। इसी को लेकर अर्जुन को आशंका थी कि पैतृक संपत्ति में गड़बड़ी हो सकती है। इस मुद्दे पर मां-बेटे के बीच विवाद भी चल रहा था।

हाईकोर्ट तक पहुंचा विवाद

जानकारी के अनुसार, बीना शर्मा ने अपने बेटे अर्जुन से जान का खतरा बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और सुरक्षा भी प्राप्त की थी। यह घटनाक्रम अब जांच का अहम हिस्सा बन गया है। पुलिस इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि, संपत्ति लेन-देन और संभावित आर्थिक हितों की बारीकी से जांच कर रही है।

पहले ही दर्ज हो चुकी है फिर

गौरतलब है कि मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर डालनवाला थाने में बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के मालिक डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

….और नाम आ सकते हैं सामने

पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच अभी जारी है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ और बड़े नामों का खुलासा संभव है। अधिकारियों का कहना है कि साजिश के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने राजधानी में सनसनी फैला दी है। अब पूरे मामले की निगाह पुलिस की अगली कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारियों पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button