एनआईसी ने मनाया ‘सेफर इंटरनेट डे–2026’, सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल उपयोग पर दिया जोर

देहरादून। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) उत्तराखंड द्वारा ‘सेफर इंटरनेट डे–2026’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं अधिकारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार प्रयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डेटा गोपनीयता तथा सोशल मीडिया सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने, मजबूत पासवर्ड के उपयोग, ओटीपी व व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और कॉल से बचने की सलाह दी गई।
एनआईसी अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ सावधानी और जिम्मेदारी भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में नागरिक cybercrime.gov.in पोर्टल अथवा 1930 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
‘स्मार्ट टेक, सेफ चॉइस’ की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे आमजन को सुरक्षित, जिम्मेदार और समझदारीपूर्ण इंटरनेट उपयोग के लिए प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर एनआईसी राज्य केंद्र उत्तराखंड की ओर से के.के. दवे एवं उनकी टीम के सदस्य राजीव जोशी, सुनील कुमार, मुकेश जोशी, दीपक कंडवाल, काजल नेगी, रश्मि रावत सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
