दून में पत्रकारों को पैथोलॉजी जांचों में 50% छूट, 31 लोगों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026”

देहरादून। मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण रविवार को देहरादून में देखने को मिला, जब लाइफ केयर पैथोलॉजी सेंटर और लाइफ केयर फाउंडेशन की ओर से 15वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कुल 210 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

नेहरू कॉलोनी स्थित 6 नंबर पुलिया के पास आयोजित इस शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर इसे समाज सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया। आयोजन समिति ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महेंद्र भट्ट ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने के साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं। उन्होंने 15 वर्षों से लगातार ऐसे शिविर आयोजित करने के लिए संस्था की सराहना की।
कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि सौरभ थपलियाल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार ने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.डी. जोशी, उत्तराँचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, डॉ . रविंद्र बिष्ट ने कहा कि अस्पतालों में कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।शिविर में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान, सीआईएमएस-यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, पार्षद कमली भट्ट, बार काउंसिल उत्तराखंड के सदस्य राजबीर सिंह बिष्ट और दून मेडिकल कॉलेज के जनसंपर्क अधिकारी संदीप राणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया पल्स ब्लड सेंटर की टीम द्वारा संपन्न कराई गई। टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण किया।
पत्रकारों को जांचों में 50 प्रतिशत छूट
कार्यक्रम के दौरान लाइफ केयर पैथोलॉजी सेंटर के निदेशक राजेश रावत ने घोषणा की कि उत्तराँचल प्रेस क्लब से जुड़े सभी पत्रकारों को सेंटर में कराई जाने वाली विभिन्न पैथोलॉजी जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। इस घोषणा पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने संस्था का आभार व्यक्त किया।
31 पत्रकारों व समाजसेवियों को ‘स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026’
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 31 पत्रकारों और समाजसेवियों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित लोगों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।आयोजक राजेश रावत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंत में पवन नौटियाल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी सुनील सजवाण ने किया। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में सेवा और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी और यह शिविर समाज में मानवता की मिसाल बनकर उभरा।
