राजधानी दून में रैश ड्राइविंग का तांडव: नशे में धुत इनोवा चालक ने मचाई तबाही, पिता की मौत, बेटा जिंदगी से जंग लड़ रहा

देहरादून। राजधानी देहरादून की सड़कों पर गुरुवार रात तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब एक बेकाबू इनोवा कार ने कई जिंदगियों को चंद सेकंड में तबाह कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार इनोवा कार का चालक नशे में धुत था और उसने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय रोहित फिलिप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अनूप (27) गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
कई वाहनों को मारी टक्कर, घर में घुसी कार
हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका। बेकाबू कार ने आगे बढ़ते हुए कई अन्य वाहनों को टक्कर मारी और अंततः एक घर में जा घुसी। घर के परिसर में खड़ी एक अन्य कार भी इस टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
अस्पतालों में अफरा-तफरी
घायलों को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। वहीं आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल भेजा।
आरोपी गिरफ्तार, नशे में ड्राइविंग की पुष्टि
पुलिस के अनुसार आरोपी चालक की पहचान गुनीत सिंह के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि बताई जा रही है।
बड़ा सवाल: कब थमेगा रफ्तार का यह कहर?
राजधानी में लगातार बढ़ते रैश ड्राइविंग के मामलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती कब होगी? क्यों बार-बार ऐसे हादसे मासूम जिंदगियां लील रहे हैं? यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम के लिए चेतावनी है कि अगर अब भी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो सड़कों पर यह ‘रफ्तार का तांडव’ यूं ही जारी रहेगा।
