उत्तराखंडदावाधर्म स्थललोकपर्व

शरद पूर्णिमा पर 40 कुंतल फूलों से महका बदरीनाथ धाम, फूलों से सजा भगवान बदरी विशाल का दरबार

देहरादून। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम को करीब 40 कुंतल रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप में सजाया गया। फूलों से सजे भगवान बदरी विशाल के मंदिर की दिव्य छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। गेंदे, चंपा और चमेली सहित विभिन्न प्रजातियों के सुगंधित फूलों से मंदिर के सिंह द्वार और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे धाम की सुंदरता देखते ही बनी।

मंदिर के फूल श्रृंगार के लिए उज्जैन से विशेष टीम बदरीनाथ पहुंची थी। टीम ने करीब 40 कुंतल फूलों का इस्तेमाल कर मंदिर के प्रवेश द्वार और आसपास के परिसर को भव्य स्वरूप प्रदान किया। फूलों की आकर्षक सजावट ने बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक आभा को और निखार दिया। रंग-बिरंगे फूलों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना रहा। धाम में मौसम की सर्दी और बर्फीली हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भक्त मंदिर की मनमोहक सजावट को निहारते और भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति करते नजर आए। फूलों से सजे सिंह द्वार और मंदिर परिसर की सुंदरता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर बदरीनाथ धाम का यह पुष्प श्रृंगार आस्था, भक्ति और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम नजर आया। हिमालय की गोद में स्थित धाम में फूलों की साज-सज्जा ने पर्व की धार्मिक गरिमा को विशेष रंग प्रदान किया। भगवान बदरी विशाल के दरबार की यह दिव्य छटा श्रद्धालुओं के लिए यादगार दृश्य बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button