Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकदो टूकपुलिस

इन जिलों में लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर मामलों की प्रगति पर एडीजी नाराज

देहरादून।उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के सख्त रुख के बीच अपराध नियंत्रण को लेकर अब फील्ड में तैनात अधिकारियों की जवाबदेही तय होने जा रही है। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए साफ संकेत दे दिए कि अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में एडीजी ने अपराध नियंत्रण के हर पहलू पर बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर मामलों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

महिला अपराध पर सख्त रुख
एडीजी ने दो टूक कहा कि महिला अपराधों की जांच 60 दिन के भीतर हर हाल में पूरी की जाए। किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

नशा तस्करों के बड़े नेटवर्क पर वार
बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि पुलिस केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति अपनाए। बड़े ड्रग माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी अवैध संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
गुमशुदगी मामलों में शत-प्रतिशत बरामदगी का लक्ष्य
नाबालिगों की गुमशुदगी को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एडीजी ने कहा कि एक भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए।

अज्ञात शवों की पहचान में तकनीक का सहारा
डीएनए प्रोफाइलिंग, सोशल मीडिया और अन्य आधुनिक तकनीकों के जरिए अज्ञात शवों की शिनाख्त तेजी से करने के निर्देश दिए गए।

थानों की कार्यप्रणाली पर भी नजर
एडीजी ने थानों में लंबित शिकायतों और प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए नियमित निरीक्षण और मालखानों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य और डिजिटल पोर्टलों पर डेटा फीडिंग में तेजी लाने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

स्पष्ट चेतावनी—लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक के अंत में एडीजी ने सख्त लहजे में कहा कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाकर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की हिदायत दी।
बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति सहित दोनों जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button